पढ़ी-लिखी लड़की से करवा दो शादी ..! हरदोई में दिव्यांग युवक की अनोखी फरियाद : शादी की मांग को लेकर पहुँचा थाने….

Hardoi News : कहते हैं, इंसान अपनी परेशानियों के हल के लिए कहीं न कहीं उम्मीद जरूर ढूंढता है, लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि कोई अपनी शादी की गुहार लेकर थाने पहुंच जाए? जी हां, उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक दिव्यांग युवक अपनी शादी की अर्जी लेकर पुलिस स्टेशन पहुंच गया! इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

माधोगंज थाना क्षेत्र के जेहेदीपुर गांव का रहने वाला रिजवान खान (34) दिव्यांग है। रिजवान अकेले ही माधोगंज थाना पहुंच गया। सिपाही से कहा- थाना प्रभारी से मिलना है। थाना प्रभारी केके यादव के कक्ष में पहुंचने पर उन्होंने युवक को दिव्यांग देखकर बैठने को कहा। फिर युवक से पूछा- क्या समस्या है? रिजवान ने कहा- कोई भी पढ़ी-लिखी मुसलमान लड़की से मेरी शादी करवा दो। रिजवान ने थाना प्रभारी केके यादव से कहा – मैं पिछले काफी समय से शादी के लिए प्रयास कर रहा हूं। कई जगहों पर रिश्ते देखे, पर मेरी शादी नहीं हो पा रही है। इसके कारण मैं मानसिक तनाव में आ गया हूं।
थाने से निकलने के बाद रिजवान ने बताया कि वह शादी कराने की मांग को लेकर पुलिस स्टेशन आया था। रिजवान ने कहा-थाना प्रभारी ने जल्द ही किसी अच्छी लड़की के साथ उसकी शादी कराने का वादा किया है। रिजवान ने बताया कि उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी गुहार लगाते हुए उसकी शादी कराने और एक सुयोग्य मुसलमान दूल्हन उपलब्ध कराने की मांग की है।

रिजवान ने माधोगंज पुलिस ने अपने पिता हौसर खान और भाई के खिलाफ पैसे हड़पने का आरोप लगाते हुए तहरीर भी दी है। रिजवान ने बताया कि सरकार की ओर से उसे दिव्यांग भत्ता मिलता है। पर उसके पिता हौसर खान और भाई ने उसके दिव्यांगता भत्ते के करीब 50 हजार रुपए हड़प लिए हैं।
थानाध्यक्ष केके यादव ने बताया कि एक युवक थाने में आया था और किसी सुयोग्य लड़की से शादी कराने की मांग कर रहा था। युवक दिव्यांग था और संभवतः उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। युवक ने अपने पिता और भाई पर दिव्यांगता पेंशन के 50 हजार रुपए हड़पने का भी आरोप लगाया है। फिलहाल युवक को समझा-बुझाकर और तहरीर लेकर वापस भेज दिया गया है। पुलिस उसके पिता हौसर खान से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
पूरी खबर देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें - https://youtu.be/muj3TFmoZaA?si=GL3mFmYfTR7o-ZOS